Thursday, March 31

देश की जनसंख्या 121 करो़ड हुई, यूपी के आंक़डे सबसे ऊपर

भारत की जनसंख्या बीते एक दशक में 18.1 करोड़ बढ़कर अब 1.21 अरब हो गई है। जनगणना के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में पुरुषों की संख्या अब 62.37 करोड़ और महिलाओं की संख्या 58.64 करोड़ है। जनसंख्या नियंत्रण के लिए प्रयास कर रहे देश के लिए अच्छी खबर यह है कि आबादी की वृद्धि दर में कमी देखी गई है। 1991 की गणना में आबादी में 23.87 प्रतिशत की वृद्धि देखी गयी थी, 2001 में 21.54 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई, जबकि 2011 की जनगणना के अनुसार बीते एक दशक में आबादी 17.64 फीसदी बढ़ी। उत्तर प्रदेश देश का सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। अगर उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के आंकड़ों को मिला दिया जाए, तो दोनों राज्यों की कुल आबादी अमेरिका की जनसंख्या से अधिक होगी। अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक, लिंगानुपात में सुधार हुआ है। पिछली जनगणना के मुताबिक देश में प्रति 1,000 पुरुषों पर महिलाओं की संख्या 933 थी, जो एक दशक में बढ़कर अब 940 हो गई है। आबादी में पुरुषों की संख्या 51.54 फीसदी और महिलाओं की संख्या 48.46 फीसदी है। सबसे ज्यादा जनसंख्या घनत्व दिल्ली के नॉर्थ-ईस्ट जिले का है। यहां प्रति वर्ग किलोमीटर 37,346 लोग रहते हैं। दूसरी ओर सबसे कम घनत्व वाला जिला अरुणाचल प्रदेश का दिबांग है। यहां प्रति वर्ग किलोमीटर के हिसाब से सिर्फ 1 व्यक्ति रहता है

No comments: